सागर। सागर जिले में 69वीं राष्ट्रीय शालेय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देशभर के विभिन्न जिलों से आए स्कूली बच्चे विभिन्न खेलों में भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में शामिल बच्चों के लिए प्रशासन द्वारा भोजन की व्यवस्था एवं बसों के माध्यम से आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्चों के भोजन प्रबंधन के लिए दो कैटरर्स—एस.जी.एस. सिक्योरिटी एवं मिश्रा कैटर्स—को ठेका प्रदान किया गया है। दोनों कैटरर्स को 400-400 बच्चों के भोजन की व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया है।
कल फूड कंट्रोलर प्रीति राय द्वारा कैटरिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया गया, जिसमें एस.जी.एस. सिक्योरिटी द्वारा निर्धारित मानकों के विपरीत कमर्शियल सिलेंडर के स्थान पर घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग किया जाना पाया गया। साथ ही भोजन की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं पाई गई।
सूत्रों के अनुसार एस.जी.एस. सिक्योरिटी को कैटरिंग का पर्याप्त अनुभव नहीं होने के बावजूद संयुक्त संचालक एवं जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा टेंडर दिया गया। वहीं, विश्वसनीय सूत्रों का यह भी कहना है कि एस.जी.एस. ने टेंडर प्राप्त करने के बाद पेटी कांट्रेक्ट पर किसी अन्य व्यक्ति को यह कार्य सौंप दिया है।
ऐसे में यदि भोजन व्यवस्था में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी—यह प्रश्न उठ रहा है। प्रशासन को इस पूरे मामले पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता बताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता के दौरान कैटरिंग की व्यवस्था शोडस मिशन स्कूल, सागर में की गई है।