सागर -मध्यप्रदेश मेडिकल यूनिवर्सिटी की एमडी एनेस्थीसिया परीक्षा में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), सागर की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेशभर के सभी शासकीय मेडिकल कॉलेजों में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।
बीएमसी सागर की पीजी छात्रा डॉ. कृति जैन ने परीक्षा में प्रथम स्थान, जबकि डॉ. वर्षा ने चतुर्थ स्थान हासिल कर कॉलेज और बुंदेलखंड क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
एनेस्थीसिया विभाग अपने उत्कृष्ट अकादमिक वातावरण के लिए जाना जाता है, जहां लंदन (यूके) एवं अफ्रीकी देशों से भी डॉक्टर प्रशिक्षण हेतु आते रहे हैं।
इस उपलब्धि पर कॉलेज के डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. सर्वेश जैन एवं समस्त फैकल्टी के प्रयासों की सराहना की।
मीडिया प्रभारी डॉ सौरभ जैन ने बताया कि ग्वालियर निवासी डॉ. कृति जैन ने प्रदेश के सभी शासकीय मेडिकल कॉलेजों में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि हैदराबाद की मूल निवासी डॉ. वर्षा ने चतुर्थ स्थान हासिल किया।
छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय विभाग के सकारात्मक वातावरण, थीसिस गाइड डॉ. शशिबाला चौधरी एवं डॉ. मोहम्मद इलियास, ऑपरेशन थियेटर के उच्चस्तरीय कार्य-संस्कृति तथा सभी शिक्षकों को दिया।
डॉ. कृति जैन को शीघ्र ही यूनिवर्सिटी द्वारा गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि विभागाध्यक्ष डॉ. सर्वेश जैन एवं फैकल्टी के अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स में प्रकाशित शोध कार्यों के कारण बीएमसी सागर का एनेस्थीसिया विभाग राष्ट्रीय स्तर पर भी विशिष्ट पहचान रखता है।