जिले के 22 समूहों की 57 कंपोजिट मदिरा दुकानों का ई-टेंडर आमंत्रित किये गये है।



 सागर - कलेक्टर श्री संदीप जी आर के निर्देशन में कार्यालय सहायक आयुक्त आबकारी, जिला सागर द्वारा मध्यप्रदेश राज्य (आबकारी) अधिनियम के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए जिले की कंपोजिट मदिरा दुकानों के संचालन हेतु ई-टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। आबकारी आयुक्त, मध्यप्रदेश ग्वालियर के निर्देशानुसार जिले में संचालित 22 समूहों में शामिल कुल 57 कंपोजिट मदिरा दुकानों का निष्पादन ई-टेंडर एवं ई-टेंडर कम ऑक्शन प्रणाली के माध्यम से कलेक्टर कार्यालय सागर में किया जाएगा।
आबकारी विभाग के अनुसार इन दुकानों का कुल आरक्षित मूल्य लगभग 381 करोड़ 25 लाख 98 हजार 038 रुपये निर्धारित किया गया है। इच्छुक आवेदक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ई-टेंडर प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
 ई-टेंडर (ई-टेंडर एवं ई-टेंडर कम ऑक्शन) की प्रक्रिया 16 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होगी। ऑनलाइन टेंडर दस्तावेज डाउनलोड एवं ऑफर सबमिट करने की अंतिम तिथि 17 मार्च 2026 को दोपहर 4 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके पश्चात 17 मार्च 2026 को सायं 4 बजकर आवेदन पत्र खोले जाएंगे।
ई-टेंडर कम ऑक्शन की प्रक्रिया 17 मार्च 2026 को सायं 5 बजकर 30 मिनट से प्रारंभ होकर सायं 6 बजकर 50 मिनट तक प्रक्रिया संचालित की जाएगी। संबंधित समूह का ऑक्शन समाप्त होने अथवा 17 मार्च 2026 को सायं 6 बजे तक ई-टेंडर खोलने की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
जिले के जिन प्रमुख समूहों की मदिरा दुकानों के लिए ई-टेंडर आमंत्रित किए गए हैं उनमें रहली, बीना, मधुकरशाह वार्ड, राहतगढ़, गढ़ाकोटा, सिविल लाइन, खुरई, गढ़ाकोटा, बीना इटावा, गुजराती बाजार, जैसिनगर, कर्रापुर, कटरा, चांदपुर, शाहपुर, स्टेशन रोड, बरौदियाकला, जमुनिया, मालथौन, बंडा, खिमलासा और परसोरिया सहित कुल 22 समूह शामिल हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post