सागर - अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘‘फिट इंडिया वुमन्स वीक-2026’’ के तहत 9 मार्च 2026 को शासकीय कन्या महाविद्यालय, सागर में महिला सम्मान कार्यक्रम, मानव श्रृंखला निर्माण एवं रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें सुप्रीम प्राध्यापक श्रीमती अंजना चतुर्वेदी सहित महिला एवं बाल विकास सागर शहरी परियोजना की परियोजना अधिकारी श्रीमती रजनी बारोलिया, पर्यवेक्षक श्रीमती ममता निषाद, श्रीमती सुरभि मिश्रा, श्रीमती स्वाति राय एवं अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। इस अवसर पर श्रीमती अंजना चतुर्वेदी ने अपने उद्बोधन में महिलाओं की शिक्षा एवं देश में उनके बढ़ते प्रतिनिधित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज महिलाएँ शिक्षा, स्वास्थ्य, आईटी, पुलिस तथा प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान भी किया।
परियोजना अधिकारी श्रीमती रजनी बारोलिया ने अपने संबोधन में महिलाओं को अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने, शिक्षा प्राप्त करने, पोषण पर ध्यान देने तथा मानसिक रूप से सशक्त बनने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की 50 उत्कृष्ट छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के पश्चात छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई तथा मानव श्रृंखला बनाकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती स्वाति राय ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन श्रीमती रजनी बारोलिया द्वारा किया गया।