सागर - विश्व ग्लूकोमा (काला मोतिया) जागरूकता सप्ताह (9 से 15 मार्च) के उपलक्ष्य में बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय (बीएमसी) के नेत्र रोग विभाग द्वारा आम नागरिकों के लिए विशेष निःशुल्क जांच शिविर आयोजित किया जा रहा है। मध्यप्रदेश और सागर डिविजनल ऑप्थैल्मिक सोसाइटी के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को "साइलेंट किलर" कहे जाने वाले ग्लूकोमा के प्रति सचेत करना है।
शिविर का समय और स्थान
यह जांच शिविर 11, 12, 13, 14 एवं 16 मार्च 2026 को आयोजित होगा। नागरिक प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे के बीच बीएमसी अस्पताल के नेत्र रोग विभाग में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क स्क्रीनिंग करा सकते हैं।
मीडिया प्रभारी डॉ सौरभ जैन ने बताया कि जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए 16 मार्च को अस्पताल परिसर में एक नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया जाएगा। इसके माध्यम से मनोरंजक और सरल तरीके से आमजन को ग्लूकोमा के लक्षणों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
नेत्र रोग विशेषज्ञों के अनुसार, ग्लूकोमा एक गंभीर बीमारी है जिसमें शुरुआती अवस्था में कोई विशेष लक्षण दिखाई नहीं देते, जिसके कारण इसे 'दृष्टि का चोर' भी कहा जाता है। समय पर जांच न होने की स्थिति में यह स्थायी अंधापन का कारण बन सकता है।
डीन डॉ पी एस ठाकुर ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस शिविर का लाभ उठाएं और अपनी आंखों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।