"सफलता की कहानी" रहली के सिद्धांत दुबे ने पहले ही प्रयास में हासिल की MPPSC में सफलता, बनेंगे असिस्टेंट प्रोफेसर ।

         
 सागर - मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) 2022 के परिणामों में सागर जिले की रहली तहसील के एक होनहार युवा ने सफलता का परचम लहराया है। वार्ड नंबर 15 (पटना ककरी) के निवासी सिद्धांत दुबे ने अपने प्रथम प्रयास में ही असिस्टेंट प्रोफेसर (लाइब्रेरियन)के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पूर्व पटवारी नरेश दुबे के सुपुत्र सिद्धांत की इस शानदार उपलब्धि की खबर मिलते ही उनके गृह नगर में खुशी का माहौल है। उनके निवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। परिजनों के लिए यह क्षण भावुक करने वाला है, वहीं नगरवासियों ने इसे सिद्धांत की असाधारण मेहनत और अटूट लगन का प्रतिफल बताया है।
सफलता का मूलमंत्र-: मेहनत और मार्गदर्शन

अपनी सफलता पर चर्चा करते हुए सिद्धांत दुबे ने बताया कि यह मुकाम हासिल करने में ईश्वर की कृपा के साथ-साथ उनके माता-पिता के आशीर्वाद और गुरुओं के सही मार्गदर्शन की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कहा लक्ष्य के प्रति निरंतर परिश्रम, धैर्य और परिवार का सहयोग ही मेरी सफलता का आधार है। मेरा मानना है कि यदि प्रयास सही दिशा में और पूरी ईमानदारी से किए जाएं, तो वे कभी निष्फल नहीं होते।
वर्तमान में धार में हैं पदस्थ !
गौरतलब है कि सिद्धांत दुबे वर्तमान में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, धार में लाइब्रेरियन के पद पर अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। अब उच्च शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में उनका चयन होने से उनके मित्रों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post