सागर - थाना सानौधा अंतर्गत चौकी शाहपुर क्षेत्र में दिनांक 08.05.2026 को हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड प्रकरण में सागर पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने त्वरित, सूक्ष्म एवं वैज्ञानिक विवेचना करते हुए प्रकरण के मुख्य आरोपी छोटू उर्फ हर्ष लोधी को गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में अब तक कुल 08 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि फरार अन्य 04 आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
घटना के संबंध में दिनांक 09.05.2026 को फरियादी सूरज अहिरवार पिता दामोदर अहिरवार उम्र 40 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 07 शाहपुर थाना सानौधा जिला सागर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 08.05.2026 की रात्रि लगभग 08:30 बजे शराब बेचने के संदेह को लेकर आरोपीगण 1. नीलेश अहिरवार पिता काशीराम अहिरवार निवासी शाहपुर, 2. भगवत पटैल पिता कुन्द्रन पटेल निवासी शाहपुर, 3. अंशुल यादव पिता रामप्रसाद यादव निवासी भडराना थाना बण्डा, 4. छोटू उर्फ हर्ष सिंह लोधी एवं 5. अभिषेक पटैल निवासी शाहपुर थाना सानौधा द्वारा फरियादी एवं नीरज प्रजापति का रास्ता रोककर गाली-गलौज की गई तथा जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए लाठी एवं लोहे की रॉड से गंभीर मारपीट की गई। घटना में गंभीर रूप से घायल नीरज प्रजापति की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि घायल सूरज अहिरवार की उपचार के दौरान दिनांक 10.05.2026 को मृत्यु हो गई।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सानौधा में अपराध क्रमांक 128/26 धारा 103(1), 126(2), 190, 191(2), 191(3), 296(B), 115(2) बी.एन.एस. एवं धारा 3(1)(द), 3(1)(घ), 3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव उइके, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश कुमार सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित कश्यप के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सानौधा निरीक्षक भरत सिंह ठाकुर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों द्वारा शाहपुर, किंद्राहो एवं आसपास के विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी गई तथा विश्वसनीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
इसी दौरान दिनांक 24.05.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि प्रकरण का मुख्य आरोपी छोटू उर्फ हर्ष लोधी अपने परिजनों से मिलने आने वाला है तथा उसके बाद प्रदेश से बाहर भागने की फिराक में है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम द्वारा शाहपुर-किंद्राहो मुख्य मार्ग पर तत्काल नाकेबंदी की गई। कुछ समय पश्चात किंद्राहो की ओर से एक काले रंग की बोलेरो वाहन आती दिखाई दी, जिसने पुलिस नाकेबंदी देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम छोटू उर्फ हर्ष लोधी निवासी किंद्राहो बताया।
पुलिस द्वारा आरोपी को अभिरक्षा में लेकर चौकी शाहपुर थाना सानौधा लाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शाहपुर शराब कंपनी का लाइसेंस धारक है तथा घटना दिनांक को दोनों मृतकों के साथ हुई मारपीट की घटना में शामिल था। आरोपी ने घटना को दुर्घटना का रूप देने हेतु पुलिस को भ्रामक सूचना दी थी तथा घटना के बाद नेपाल, उत्तरप्रदेश एवं बीना क्षेत्र के आसपास फरारी काट रहा था।
पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, 35 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त काले रंग की बोलेरो वाहन, लोहे की रॉड एवं शराब दुकान के लाइसेंस संबंधी दस्तावेज जप्त किए गए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
प्रकरण में पुलिस द्वारा की गई सतर्कता, वैज्ञानिक विवेचना, त्वरित कार्रवाई एवं साक्ष्य संकलन की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है। पुलिस की सजगता एवं सूझबूझ के कारण आरोपियों द्वारा रची गई दुर्घटना की झूठी कहानी का पर्दाफाश संभव हो सका तथा दोहरे हत्याकांड के आरोपियों तक पुलिस शीघ्रता से पहुंच सकी।