सागर - अनुसूचित जाति विकास विभाग मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा संचालित सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध शासकीय ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय तिली, सागर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु विभिन्न कक्षाओं में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा जारी सूचना के अनुसार इच्छुक छात्र-छात्राएं 30 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
विद्यालय में कक्षा 7वीं, 8वीं, 9वीं एवं 11वीं में रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। जारी विवरण के अनुसार कक्षा 7वीं में कुल 24, कक्षा 8वीं में 11, कक्षा 9वीं में 8 तथा कक्षा 11वीं में 87 सीटें उपलब्ध हैं। प्रवेश प्रक्रिया में अनुसूचित जाति एवं अन्य वर्गों के छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग सीटें निर्धारित की गई हैं।
प्रवेश हेतु छात्र-छात्राओं का मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है। साथ ही पूर्व कक्षा में न्यूनतम ‘बी’ ग्रेड अथवा 60 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक रहेगा। आवेदन पत्र विद्यालय कार्यालय समय में निःशुल्क प्राप्त एवं जमा किए जा सकते हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि सीटों की संख्या आवश्यकतानुसार परिवर्तनीय रहेगी। अधिक आवेदन प्राप्त होने की स्थिति में पूर्व कक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। कक्षा 11वीं में गणित, जीवविज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में रिक्त सीटों के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया संपादित की जाएगी।