सागर - ज्ञानोदय विद्यालय ने इस वर्ष आयोजित सीबीएसई परीक्षा में एक बार फिर शानदार सफलता हासिल करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम के साथ शत प्रतिशत प्रथम श्रेणी में प्राप्त किया है। विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। सीबीएसई परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिवार में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी व्यक्त की।
संभागीय उपायुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री सुधीर श्रीवास्तव ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कठिन मेहनत, नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी लगन और निष्ठा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार की एकजुटता और समर्पण ने इस उत्कृष्ट उपलब्धि को संभव बनाया है।
विद्यालय प्राचार्य श्री महेश कुमार सोनी ने बताया कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके निरंतर परिश्रम, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा अधीक्षकों के सहयोग का परिणाम है। विद्यालय में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिसका सकारात्मक प्रभाव परीक्षा परिणामों में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
विद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों ने पूरे वर्ष मेहनत और अनुशासन के साथ अध्ययन किया, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है। अभिभावकों ने भी विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था और मार्गदर्शन की सराहना करते हुए खुशी जाहिर की।
बारहवीं में अध्यापन कराने वाले शिक्षक श्री मनीष भाईजी,श्रीमती ऊषा रोहित,श्री महेंद्र कुमार लोधी,श्रीमती शालिनी जैन,श्री सुरेन्द्र विश्वकर्मा,श्री शिवचरण अहिरवार,श्री विनय वंशकार,श्रीमती सारिका भारद्वाज की अथक मेहनत का परिणाम है कि सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भी विद्यार्थी शिक्षा, खेल एवं अन्य गतिविधियों में इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।