मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना सर्वोच्च प्राथमिकता कलेक्टर ।कलेक्टर ने सीएचसी मालथौन का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा



 सागर - कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मालथौन का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीएचसी में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, उपचार व्यवस्था तथा मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी बीएमओ एवं मरीजों से चर्चा कर प्राप्त की।
कलेक्टर ने ओपीडी का निरीक्षण करते हुए मरीजों से उपचार और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ओपीडी में प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या के बारे में भी जानकारी प्राप्त की, जो आज लगभग 150 पाई गई।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती पाल ने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने भर्ती बच्चों की माताओं से संवाद कर बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और विकास के लिए संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने माताओं को बच्चों के खानपान, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।
कलेक्टर द्वारा निरीक्षण के दौरान शौचालय की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने बीएमओ को तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सीएचसी में सभी आवश्यक सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित होना सुनिश्चित किया जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post