सागर - श्री विकाश कुमार शाहवाल, पुलिस अधीक्षक सागर के कुशल नेतृत्व में, डॉ. संजीव उइके, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर एवं श्री लोकेश कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देशन तथा श्री प्रमोद बाल्मीकि, एसडीओपी बण्डा के मार्गदर्शन में थाना शाहगढ़ पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।
फरियादी द्वारा सूचना दी गई कि शिवम चतुर्वेदी, जो स्वयं को जबलपुर में पदस्थ डीएसपी बताता था, ने होमगार्ड में नौकरी लगवाने का प्रलोभन देकर ₹1,00,000 की मांग की। दिनांक 18.02.2026 को शिवम चतुर्वेदी अपने दो साथियों के साथ, जो पुलिस वर्दी में थे, एक बिना नंबर की नई बोलेरो वाहन से ‘चायगढ़ कैफे’, शाहगढ़ पहुंचा।
फरियादी को तीनों के फर्जी होने का संदेह होने पर तत्काल थाना शाहगढ़ पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में पाया गया कि वे वास्तविक पुलिस अधिकारी/कर्मचारी नहीं हैं, बल्कि सुनियोजित तरीके से लोगों को ठगने का प्रयास कर रहे ।
आवश्यक सूचना एवं जन अपील
पुलिस आम जनता से अपील करती है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति द्वारा मांगी गई राशि या प्रलोभन के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को दें।