सागर- कलेक्टर श्रीमति प्रतिभा पाल के आदेशानुसार एवं प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी सागर के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्यवाही करते हुए अवैध रूप से बेची जा रही शराब जब्त कर दो लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
वृत्त प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक रोशनी उरेती ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में बिना अनुमति शराब का अवैध विक्रय किया जा रहा है। सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
कार्यवाही के दौरान गोविंद रजक के आधिपत्य से 29 पाव सागर गोल्ड व्हिस्की बरामद की गई। वहीं दूसरी कार्यवाही में अर्चना लोधी, पति श्याम लोधी, निवासी पठार मोहल्ला, बण्डा के आधिपत्य से 32 पाव सागर गोल्ड व्हिस्की जब्त की गई। जब्त की गई कुल शराब की कीमत लगभग 7,137 रुपये बताई जा रही है।
आबकारी उपनिरीक्षक रोशनी उरेती ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत न्यायालयीन प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है । उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।