सागर - कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सागर के नागरिकों के हित में संवेदनीशील निर्देश दिया है। अक्सर देखा जाता है कि लोग छोटी-छोटी समस्याओं के लिए दूर-दराज के गांवों से जिला मुख्यालय तक का सफर तय करते हैं, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता है। इसे खत्म करने के लिए अब तहसील स्तरीय जनसुनवाई को और अधिक सुलभ और सुविधापूर्ण बनाया गया है।
आमजन की सुविधा के लिए प्रशासन के खास इंतजाम हैं। नि:शुल्क टाइपिंग सेवा के अंतर्गत आपको आवेदन लिखवाने या टाइप करवाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। तहसील कार्यालय में ही आपके आवेदन मुफ्त में टाइप कर दिए जाएंगे। चिलचिलाती धूप को देखते हुए हर जनसुनवाई स्थल पर ठंडा पानी, पर्याप्त छाया और आरामदायक बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। कलेक्टर ने एसडीएम और तहसीलदारों को सख्त निर्देश हैं कि स्थानीय स्तर की समस्याओं को वहीं के वहीं सुलझाया जाए।
कलेक्टर की आमजन से अपील
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा है कि हमारा उद्देश्य है कि आपको अपने हक के लिए भटकना न पड़े। जब आपकी समस्या का समाधान आपकी अपनी तहसील में ही संभव है, तो धूप और दूरी की परेशानी क्यों उठाना? अपनी स्थानीय शिकायतों के साथ बेझिझक तहसील जनसुनवाई में आएं, हम आपकी सेवा के लिए तत्पर हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि केवल वही मामले जिला मुख्यालय भेजे जाएं जो कानूनी या तकनीकी रूप से तहसील स्तर पर संभव न हों। प्रशासन की प्राथमिकता 'त्वरित न्याय और स्थानीय समाधान' है।