सागर - मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जिले से श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा आयोजित की जा रही है। इस संबंध में मध्यप्रदेश शासन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के निर्देशानुसार वैष्णोदेवी-अमृतसर एवं हरिद्वार-ऋषिकेश यात्राओं का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
जारी जानकारी के अनुसार वैष्णोदेवी-अमृतसर यात्रा के लिए 262 यात्रियों का आवंटन किया गया है, जिसकी आवेदन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 07 मई 2026 निर्धारित है तथा संभावित यात्रा प्रारंभ तिथि 17 मई 2026 है। इसी प्रकार हरिद्वार-ऋषिकेश यात्रा के लिए 196 यात्रियों का चयन किया जाएगा, जिसके लिए आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 05 जुलाई 2026 एवं यात्रा प्रारंभ की संभावित तिथि 19 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
निर्देश दिए गए हैं कि इच्छुक पात्र आवेदक निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र, आवश्यक दस्तावेजों जैसे चिकित्सकीय प्रमाण-पत्र एवं आधार कार्ड सहित समय सीमा के भीतर जमा करें। आवेदन पत्रों का परीक्षण उपरांत पात्र हितग्राहियों का चयन किया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि आवेदक पूर्व में इस योजना का लाभ प्राप्त न कर चुके हों। निर्धारित समयावधि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।