सागर - पुलिस द्वारा थाना मोतीनगर क्षेत्र अंतर्गत विवेकानंद वार्ड मछरयाई स्थित गोंड बब्बा चबूतरा क्षेत्र में हुए हत्या एवं हत्या के प्रयास के सनसनीखेज प्रकरण में लगातार प्रभावी कार्यवाही करते हुए आज पुनः 02 आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।
विदित हो कि दिनांक 21/05/2026 की रात्रि लगभग 10:30 बजे पुरानी रंजिश को लेकर फरियादी ओम साहू एवं उसके भाई मयंक साहू के साथ आरोपियों द्वारा विवाद कर गाली-गलौज की गई थी। इसी दौरान आरोपियों द्वारा अवैध हथियार से फायर किया गया, जिससे मयंक साहू गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। वहीं फरियादी ओम साहू पर भी चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल किया गया था।
घटना के पश्चात थाना मोतीनगर पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए पूर्व में 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में थाना मोतीनगर पुलिस ने सतत दबिश, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आज एक विधि विरुद्ध बालक तथा अन्य आरोपी तुत्तू उर्फ शैलेंद्र रैकवार उम्र 22 वर्ष निवासी मेडिकल कॉलेज के सामने, तिरुपति पुरम, थाना गोपालगंज को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
प्रकरण में थाना मोतीनगर में अपराध क्रमांक 0/26 धारा 296(ए), 109(1), 103(1), 190, 191(1), 191(2) बीएनएस एवं 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
अन्य फरार आरोपियों की तलाश निरंतर जारी है तथा उनकी गिरफ्तारी हेतु संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही शेष आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्यवाही की जाएगी।
उक्त कार्यवाही पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव उइके एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित कश्यप के नेतृत्व में की गई।
पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत एवं उनकी टीम द्वारा लगातार सतर्कता, सूझबूझ एवं प्रभावी रणनीति के साथ कार्यवाही करते हुए फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई, जिसके परिणामस्वरूप गंभीर प्रकरण में लगातार सफलता प्राप्त हो रही है।
सागर पुलिस द्वारा आमजन को आश्वस्त किया गया है कि जिले में कानून व्यवस्था भंग करने वाले एवं गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।