सागर - आम लोगों की समस्याओं और शिकायतों के निराकरण के उद्देश्य से शासन के निर्देशानुसार सागर जिले में 12 जून से 18 जून तक 3 दिवसीय जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जनकल्याण शिविरों में विभिन्न योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित तथा आमजनों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा।
सागर जिले में जनकल्याण शिविरों के आयोजन के लिए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने तिथियां निर्धारित की हैं। निर्धारित तिथियों के अनुसार जनपद पंचायत बीना एवं नगर पालिका बीना, जनपद पंचायत खुरई, नगर पालिका खुरई, जनपद पंचायत बण्डा, नगर परिषद बण्डा, जनपद पंचायत शाहगढ़ एवं नगर परिषद शाहगढ़ में 12 से 14 जून तक 3 दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं जनपद पंचायत मालथौन, नगर परिषद मालथौन, नगर परिषद बरोदियाकलां एवं नगर परिषद बांदरी में 13 जून से 15 जून तक जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। जनपद पंचायत देवरी, नगर पालिका देवरी एवं जनपद पंचायत केसली में 15 जून से 17 जून तक जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जनपद पंचायत राहतगढ़, नगर परिषद राहतगढ़, जनपद पंचायत जैसीनगर, नगर परिषद सुरखी, नगर परिषद बिलहरा, सागर नगर निगम, जनपद पंचायत सागर, नगर पालिका मकरोनिया, नगर परिषद कर्रापुर, जनपद पंचायत रहली, नगर पालिका रहली, नगर पालिका गढ़ाकोटा एवं नगर परिषद शाहपुर में 16 जून से 18 जून तक 3 दिवसीय जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जाएगा तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा। जनकल्याण शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
कलेक्टर के निर्देशानुसार निकाय प्रमुख को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे मैदानी अमले के सहयोग से लाभ से वंचित व्यक्तियों को शिविर स्थल तक लाने का कार्य सुनिश्चित करेंगे। शिविरों में चिन्हांकित योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों को दर्ज करने एवं उनके निराकरण हेतु विभागीय स्टॉल स्थापित किए जाएंगे तथा पात्र हितग्राहियों को आवेदन, पंजीयन एवं सेवा वितरण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर स्थल पर पर्याप्त छाया, पेयजल, स्वच्छता आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। ऐसे आवेदक, जिनकी समस्या अथवा शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाना संभव नहीं होगा, उनके लिए समय-सीमा निर्धारित कर आवेदक को सूचित किया जाएगा तथा प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाएगी। शिविर में लाभ वितरण, हितग्राही संवाद सहित अन्य कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।