सागर - कलेक्टर श्रीमति प्रतिभा पाल के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी रहली श्री कुलदीप पाराशर के द्वारा सर्प दंश का झाड़ फूंक के द्वारा इलाज करने वालों की जानकारी लेकर उनकी एक बैठक ली गई। बैठक में विभिन्न ग्रामों के ऐसे व्यक्तियों को समझाइश दी गई कि सांप काटने पर यदि कोई उनके पास आता है तो उसे शासकीय अस्पताल में भेजें, झाड़ फूंक से इलाज न करें। सर्प दंश से मृत्यु के मामलों में अब डेथ ऑडिट कराया जाएगा। झाड़ फूंक से इलाज का दावा करने वालों पर कार्यवाही भी होगी।
अनुविभागीय अधिकारी के द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि ऐसी घटना होने पर तत्काल नजदीकी शासकीय अस्पताल में पीड़ित व्यक्ति को ले जायें। किसी भी प्रकार की भ्रांति या झाड़ फूंक इत्यादि में समय खराब न करें। उन्होंने खंड चिकित्सा अधिकारी से जानकारी प्राप्त कर बताया है कि रहली और गढ़ाकोटा के शासकीय अस्पताल में एंटी वेनम इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा मे उपलब्ध है। स्वास्थ्य, राजस्व, पंचायत और नगरीय निकाय के मैदानी कर्मचारियों को इसका प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिये है। बैठक में तहसीलदार रहली राजेश पांडे और तहसीलदार गढ़ाकोटा महेश दुबे उपस्थित रहे।