भारी बारिश के चलते मैदान में उतरें अफसर,संवेदनशील इलाकों और नदी-नालों पर रखें विशेष नजरजलभराव की स्थिति में तत्काल करें कार्रवाई कलेक्टर ।


 सागर - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश में भारी बारिश की संभावना के मद्देनजर दिए गए निर्देशों के परिपालन में जिला प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिले के सभी एसडीएम, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, जनपद सीईओ और सीएमओ को हाई अलर्ट पर रहने और आवश्यक कार्रवाई करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।

मौसम विभाग द्वारा उत्तरी मध्य प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी संसाधनों को पहले से जुटाकर तैनात रखने के निर्देश दिए थे, जिसके आधार पर जिला स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

 कलेक्टर श्रीमती पाल ने सभी एसडीएम, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, जनपद सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद रहने और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। संभावित जलभराव या आपदा की स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दल, होमगार्ड, नाव और अन्य आवश्यक संसाधनों को अलर्ट मोड पर रहने के भी निर्देश दिए गए हैं।

 संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी

निचले इलाकों, नदियों और नालों के पास बसे गांवों तथा जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही बिना किसी देरी के त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि आम जनजीवन को प्रभावित होने से बचाया जा सके।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अधिकारियों को स्पष्ट किया है कि आपदा प्रबंधन के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे भारी बारिश के दौरान नदी-नालों के पास न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

Post a Comment

Previous Post Next Post