शासकीय उत्कृष्ट कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जनभागीदारी समिति की बैठक संपन्न; विकास व छात्रा-सुविधाओं से जुड़े अहम प्रस्तावों को मिली स्वीकृति ।दिव्यांग छात्राओं के लिए परिसर बनेगा बाधा रहित (बैरियर-फ्री), आधुनिक सुविधाओं और अधोसंरचना पर बनी सहमति ।





 सागर - शासकीय स्वशासी कन्या स्नातकोत्तर उत्कृष्टता महाविद्यालय, सागर में गुरुवार को जनभागीदारी समिति सामान्य परिषद की महत्वपूर्ण बैठक प्राचार्य कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय विधायक श्री शैलेंद्र जैन, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आनंद तिवारी, प्रभारी जनभागीदारी समिति डॉ. पदमा आचार्य तथा कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में डिप्टी कलेक्टर श्री रजत सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
 बैठक के दौरान महाविद्यालय के शैक्षणिक स्तर के उन्नयन, अधोसंरचना विस्तार एवं वित्तीय प्रबंधन से जुड़े एजेंडा के प्रमुख प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श कर उन्हें सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
बैठक में विशेष रूप से शामिल हुए डिप्टी कलेक्टर श्री रजत सोनी ने महाविद्यालय में अध्ययनरत दिव्यांग छात्राओं के हितों, सुरक्षा और सुगमता का विषय प्रमुखता से समिति के समक्ष रखा। उन्होंने पूरे परिसर को बाधा रहित (बैरियर-फ्री) बनाने के उद्देश्य से सुगम रैंप, विशेष प्रसाधन केंद्र तथा आवश्यक सहायक उपकरणों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रस्ताव रखा। समिति ने इन प्रस्तावों का स्वागत करते हुए छात्राओं को सहज व अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
बैठक में एजेंडा अनुसार वित्त समिति द्वारा सत्र 2026–27 हेतु पारित बजट, सेमिनार व ओल्ड हॉल में वातानुकूलन (ए.सी.) लगाने, छात्राओं की उपस्थिति के लिए RFID कार्ड प्रणाली, मेधावी छात्राओं को 'स्वयं' पोर्टल परीक्षा हेतु आर्थिक सहायता, जनभागीदारी व स्ववित्तीय अतिथि विद्वानों के मानदेय तथा सुरक्षा-सफाई व अधोसंरचना से जुड़े कई अन्य प्रस्तावों पर भी व्यापक सहमति बनी। बैठक में समिति के सम्मानीय सदस्य, प्राध्यापक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post