सागर - डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर (म.प्र.) के व्यवसाय प्रबंधन विभाग द्वारा आयोजित 6 दिवसीय AICTE–ATAL ऑनलाइन फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP) “ग्रीन एनर्जी रेवोल्यूशन: रिसर्च, इनोवेशन, पॉलिसीज़ एंड सस्टेनेबल सॉल्यूशंस” का 05 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 के बीच सफलतापूर्वक आयोजन एवं समापन किया गया।
यह राष्ट्रीय स्तर का एफडीपी AICTE–ATAL अकादमी के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से 150 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण किया। कार्यक्रम में प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के विशेषज्ञों, अनुभवी उद्योग पेशेवरों तथा विदेशों से आमंत्रित विशेषज्ञों ने हरित ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा, बायोएनर्जी, वेस्ट-टू-एनर्जी, ग्रीन बिल्डिंग्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, कार्बन क्रेडिट्स, ऊर्जा नीतियों एवं सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. वाई. एस. ठाकुर, जो इस एफडीपी के समन्वयक भी हैं, का विशेष मार्गदर्शन एवं नेतृत्व रहा। उनके प्रयासों से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों की सहभागिता संभव हो सकी।
एफडीपी के सह-समन्वयक डॉ. लोकेश ऊके की भूमिका भी अत्यंत सराहनीय रही। सभी प्रतिभागियों ने डॉ. लोकेश ऊके के अथक प्रयासों, निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन की खुले रूप से प्रशंसा की। कार्यक्रम की शुरुआत से लेकर समापन तक प्रतिभागियों को तकनीकी, शैक्षणिक एवं समन्वय संबंधी हर स्तर पर सहयोग प्रदान करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर डॉ. लोकेश ऊके ने बताया कि यह एफडीपी शिक्षकों, शोधकर्ताओं एवं पेशेवरों को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नवीन शोध, नवाचारों एवं नीतिगत समझ विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था, जो पूर्ण रूप से सफल रहा।
समापन अवसर पर सभी विशेषज्ञों, प्रतिभागियों, आयोजन समिति, तकनीकी टीम एवं सहयोगी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।