सागर - बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में सागर जिले ने आज एक ऐतिहासिक कदम बढाया है। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशों का पालन करते हुए, कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. के नेतृत्व में जिले भर में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का भव्य आगाज हुआ है।
जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती आरती यादव ने दीप प्रज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान शिवाजी वार्ड की कुमारी कल्पना यादव (पुत्री श्रीमती ज्योति यादव) को जिले का पहला HPV टीका लगाया गया। टीकाकरण के तुरंत बाद उन्हें यू-विन (U-Win) पोर्टल के माध्यम से डिजिटल प्रमाण पत्र सौंपा गया, जो जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिक और पारदर्शी स्वरूप को दर्शाता है।
विशेषज्ञों की निगरानी में मिशन मोड पर स्वास्थ्य विभाग ।
यह अभियान केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि कलेक्टर श्री संदीप जी आर के मार्गदर्शन में इसे सागर के प्रत्येक सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुँचाया गया है। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के शीर्ष नेतृत्व ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सी एम एच ओ डॉ. ममता तिमोरी, सिविल सर्जन डॉ. आर.एस. जयंत, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आशीष जैन, अर्बन नोडल अधिकारी डॉ. विपिन खटीक, संभागीय प्रोजेक्ट ऑफिसर श्री नीरज नागर सहित समस्त डी एच ओ, डी पी एम और टीकाकरण टीम उपस्थित रही।
अभियान की 'फ्रंटलाइन' टीम
टीकाकरण की सफलता में जमीनी स्तर के स्वास्थ्य कर्मियों का योगदान सराहनीय रहेगा।
आज आयोजित कार्यक्रम में एएनएम सुश्री शबनम खान ने कुशलतापूर्वक टीकाकरण संपन्न किया। इस दौरान श्रीमती बबीता गोंड एवं कुमारी पूजा पटेल ने यू-विन पोर्टल पर त्वरित पंजीयन सुनिश्चित किया।
कलेक्टर का संदेश सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए यह टीका एक अचूक कवच है। हमारा लक्ष्य जिले की हर पात्र बेटी को इस सुरक्षा घेरे में लाना है, ताकि सागर की भावी पीढ़ी कैंसर जैसी घातक बीमारी से मुक्त रह सके।
क्यों खास है यह अभियान?
गंभीर बीमारी से सुरक्षा यह टीका महिलाओं में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर को जड़ से खत्म करने की क्षमता रखता है।
नि:शुल्क उपलब्धता शासन द्वारा यह टीका पूर्णतः नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। जबकि बाजार में इसका मूल्य कम से कम 4000 रुपए है।
डिजिटल ट्रैकिंग यू-विन पोर्टल के माध्यम से हर टीके का हिसाब और रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा रहा है।