महाभियान अंतर्गत नगर निगम सागर के 438 एचएलबी के प्रगणकों को एचएलओ ऐप डाउनलोड कराया गया ।सभी प्रगणक मकान सूचीकरण एवं मकान गणना ऐप के माध्यम से सावधानी पूर्वक सरलता से कार्य पूरा करें साथ ही स्वच्छता सिटीजन फीडबैक कराने में सहयोग करेंः निगमायुक्त एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री राजकुमार खत्री ।






 सागर - मध्यप्रदेश जनगणना निदेशालय के निर्देशानुसार 1 मई से 30 मई तक मकान गणना का कार्य पूर्ण करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल के आदेशानुसार सागर के मोतीनगर चौराहा स्थित महाकवि पदमाकर सभागार में नगर निगम अंतर्गत 438 एचएलबी के प्रगणकों को एचएलओ ऐप डाउनलोड कराकर जनगणना महाभियान प्रारंभ कराया गया। 
नगर निगम आयुक्त एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी न. नि. सागर श्री राजकुमार खत्री ने सभागार में उपस्थित सभी चार्ज अधिकारियों, सुपरवाईजर और प्रगणकों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना महाभियान शुरू हो गया है। आप सभी अपने-अपने सौंपे गए कार्योें को पूरी सजगता से समय पर पूरा करें। उन्होंने कहा की जो भी दायित्ववान अधिकारी कर्मचारी अनुपस्थित हैं उन्हें नोटिस जारी करें। उन्होंने कहा की प्रग़कणों के द्वारा मकान गणना का कार्य बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण है इसे पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा करें। सभी प्रग़णकों के द्वारा मकान सूचीकरण एवं मकान गणना ऐप डाउनलोड किया जाकर अपने -अपने आवंटित क्षेत्र की समग्र पूछी गई जानकारी ऐप में फीड कराना है। उन्होंन कहा कि दिये गए समय में सागर में प्रत्येक प्रगणक को लगभग 200 घरों की जानकारी डोर टू डोर जाकर जुटाना और आनलाइन ऐप पर तत्काल फीड करना है। जनगणना के दौरान आपको केवल सामान्य एवं आधारभूत जानकारी ही प्राप्त करना है, जैसे कि मकान/भवन का प्रकार, परिवार में कुल सदस्यों की संख्या परिवार के मुखिया का नाम, नल कनेक्शन, बिजली कनेक्शन की उपलब्धता शौचालय एवं बाथरूम की स्थिति, गैस कनेक्शन की जानकारी, रेडियो, टीवी, केबल कनेक्शन जैसी सुविधाएं, साइकिल, मोटरसाइकिल या कार जैसी परिसंपत्तियां, परिवार द्वारा उपभोग किया जाने वाला मुख्य खाद्यान्न, मोबाइल नंबर आदि मध्यप्रदेश जनगणना निदेशालय के अनुसार पूछे जाने वाले 33 प्रश्नों का उत्तर नागरिकों से प्राप्त करना एवं मकान गणना का कार्य पूरा करना है। नागरिकों से इन जानकारियों को लेते समय बताएं कि आपके द्वारा दी गई इस जानकारी का उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों और सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए किया जाएगा, जनगणना के अंतर्गत मकान गणना एवं सूचीकरण के कार्य में सहयोग प्रदान कर कार्य को सफल बनाएं। सभी प्रगणक प्रतिदिन की एक टाइमलाईन में दिए गए घरों की संख्या विभाजित करें और आसानी से इस कार्य को सावधानी पूर्वक पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में इस प्रकार प्रतिदिन की दिनचर्या में लोगों से हालचाल जाना जाता है बस उसी प्रकार नागरिकों से इन प्रश्नों को पूछकर जानकारी फीड करना है। सबसे पहले फील्ड घूमें क्षेत्र व ब्लॉक तय करें और नजरी नक्शा तैयार करें फिर मकान नंबरिंग और अन्य कार्य होगा। उन्होंन कहा कि मकान सूचीकरण एवं मकान गणना ऐप के माध्यम से कार्य कैसे करना है यह आप सभी ने ट्रेनिंग के दौरान बेहतर तरीके सीखा है फिर भी जहां कहीं कोई भी समस्या आती है तो अपने सुपरवाईजर और अधिकारियों से सहयोग लें। 
सभागार में उपस्थित 500 से अधिक सागरवासी अधिकारी/शिक्षक/कर्मचारियों ने सागर को स्वच्छ सर्वेक्षण में अव्वल बनाने के लिए दिया सिटीजन फीडबैक ।
पदमाकर सभागार में जनगणना महाभियान अंतर्गत आयोजित बैठक में नगर निगम आयुक्त एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री राजकुमार खत्री ने उपस्थित सभी चार्ज अधिकारियों, सुपरवाईजर और प्रगणकों सहित अधिकारी/शिक्षक/कर्मचारियों को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की जानकारी देते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत राष्ट्रीय स्वच्छता प्रतिस्पर्धा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 का सर्वे कार्य प्रारंभ हो चुका है देशवासियों से उनके शहर की स्वच्छता से जुड़ी जानकारी जुटाने हेतु सिटीजन फीडबैक लिंक के माध्यम से ऑनलाइन लिए जा रहे हैं। हम सभी सागरवासियों को इस सर्वे में बढ़,-चढ़ कर सहभागिता करना है और अपना सकारात्मक फीडबैक देकर सागर को स्वच्छता में अव्वल बनाना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन शहर को स्वच्छ सुंदर और नागरिकों की बेहतर जीनव गुणवत्ता के अनुकूल बनाने में लगातार प्रयासरत है। सागर पहले की अपेक्षा बहुत अधिक स्वच्छ और सुंदर हुआ है। अब बारी है प्रत्येक नागरिक द्वारा अपनी जिम्मेदारी निभाने की। आप सभी सागरवासी हैं इसलिए सागर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में अव्वल बनाने के लिए स्वयं सिटीजन फीडबैक दें और आप जिन घरों में जनगणना कार्य हेतु पहुंचें उन सभी घरों के प्रत्येक निवासी से ²फीडबैक करने हेतु अपील करें आपका यह सहयोग सागर को नंबर-1 बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। निगमायुक्त के कहने पर सभागार में उपस्थित सभी 500 से अधिक लोगों ने लिंक के माध्यम से सिटीजन फीडबैक दिया और अन्य लोगों से भी फीडबैक दिलाने की सहमति दी।

Post a Comment

Previous Post Next Post