सागर - कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशन में एवं कंट्रोलर सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती पूजा चंद्रन के नेतृत्व में आबकारी विभाग द्वारा लगातार सागर शहरी क्षेत्र में अवैध अहातों, अवैध मदिरा विक्रय एवं सार्वजनिक स्थलों पर मदिरापान के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सघन कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी अमले द्वार गुजराती बाजार, मकरोनिया, सिविल लाइन एवं गोपालगंज स्थित मदिरा दुकानों के आसपास जांच की गई।
वृत्त उत्तर प्रभारी श्री सियाराम चौधरी द्वारा गुरु गोविंद सिंह वार्ड में अवैध मदिरा विक्रय तथा सदर बाजार सागर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थल पर मदिरापान के विरुद्ध प्रकरण कायम किए गए। साथ ही प्राप्त सूचना के आधार पर धारा 54 के तहत तलाशी कार्यवाही भी की गई। इसी प्रकार वृत्त दक्षिण प्रभारी श्रीमती रोशनी उरेती द्वारा सिविल लाइन, गोपालगंज एवं मकरोनिया क्षेत्र में अवैध अहातों एवं सार्वजनिक स्थलों पर मदिरापान के विरुद्ध प्रकरण कायम किए गए। सभी मदिरा दुकानों को सख्त निर्देश दिए गए कि 21 वर्ष से कम आयु के बच्चों एवं किशोरों को मदिरा विक्रय न किया जाए।