सागर - कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल द्वारा दिये गये निर्देश के पालन में आज डॉ. हरीसिंह गौर मुख्य बस स्टेण्ड, सागर परिसर में बरगद हॉस्पिटल एवं जिला बस आपरेटर एसोशिएशन, सागर के सौजन्य से कार्यालय क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, सागर द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। प्रायः देखा गया है कि चालक अपने प्रतिदिन के कार्याे में व्यस्त रहते है इसलिए वह चिकित्सालय में जाकर स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण नहीं करा पाते है। इसलिए बस स्टेण्ड परिसर में ही स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रातः 11ः00 बजे से सांय 05ः00 बजे तक निरंतर वाहन चालकों की भीड़ लगी रही। आज कुल 102 चालक/परिचालकों द्वारा स्वास्थ्य का परीक्षण कराया गया।
चालक/परिचालकों में स्वास्थ्य परीक्षण को लेकर काफी उत्साह देखा गया। कुछ चालकों द्वारा इस प्रकार के शिविर को अत्यंत उपयोगी एवं महत्वपूर्ण बताया गया तथा जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग की प्रशंसा की गई तथा सभी का कहना था कि इस प्रकार के शिविर आगे भी आयोजित किये जावे तो उन सभी को लाभ हो सकेगा।
सांय 05ः00 बजे से स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय, सागर के सौजन्य से अग्नि दुर्घटना घटित न हो इसके लिए सावधानियां बताई गई। एलपीजी तथा पेट्रोल, डीजल से लगने वाली आग को तत्काल काबू में पाने के उपाय बताये गये। आग लगने के लिए तीन घटक महत्वपूर्ण है- ईधन, ऑक्सीजन एवं उचित तापमान। इसमें से किसी भी एक घटक को यदि हटा दिया जाये तो आग बुझ जायेगी। प्रशिक्षण के दौरान एलपीजी गैस में आग लगाकर बुझाई गई तथा पेट्रोल एवं डीजल में लगी आग को अग्निशमन यंत्र के माध्यम से बुझाया गया। चालक परिचालकों से भी अग्निशमन यंत्र चलवाकर आग को बुझाने का प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, सागर द्वारा सभी चालक/परिचालकों एवं बस संचालकों को निर्देशित किया कि यात्री बसों में किसी भी प्रकार से ज्वलनशील पदार्थाे जैसे-डीजल, पेट्रोल, कैरोसीन, एलपीजी सिलेण्डर, पटाखे आदि का परिवहन नहीं होने दें। सभी को यह समझाइश भी दी गई कि वे आग लगने पर घवराये नहीं वल्कि तुरंत अग्निशमन यंत्र का उपयोग करते हुए आग को बुझाने का कार्य करें।
इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय फायर सेफ्टी डिपार्टमेंट के डायरेक्टर श्री मनीष दुबे एवं उनकी टीम उपस्थित थी। जिला बस आपरेटर एसोशिएशन एवं बस संचालक श्री सुनील पाण्डे, श्री राजकुमार ठाकुर, श्री उत्तम सिंह बरकोटी, श्री सुदीप जैन, शेख इलियास, उपस्थित थे।